Anp News इंटर डिवीजनल टी-20 में दिलीप सिंह बने जीत के हीरो, ‘मैन ऑफ द मैच’ से सम्मानित

Anp News Live Bilaspur दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा आयोजित इंटर डिवीजनल ऑफिसर्स स्पोर्ट्स मीट के तहत नागपुर और बिलासपुर मंडल के अधिकारियों के बीच खेले गए रोमांचक टी-20 क्रिकेट मुकाबले में नागपुर ऑफिसर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर ऑफिसर्स इलेवन को 4 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। मुकाबला नागपुर के प्रतिष्ठित विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (वीसीए) सिविल लाइंस स्टेडियम में खेला गया।

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बिलासपुर ऑफिसर्स इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। टीम की ओर से अरविंद ने सर्वाधिक 27 रन बनाए, जबकि समीर माथुर ने 17, हरीश ने 13 और अतुल ने 11 रनों का योगदान दिया।

नागपुर की ओर से गेंदबाजी में अमित कुमार ने दो विकेट झटके। वहीं लोकेश शर्मा, आयुष खरे, दिलीप सिंह, दीपक कुमार और तन्मय मुखोपाध्याय ने एक-एक विकेट लेकर बिलासपुर की पारी को नियंत्रित रखा।

127 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागपुर ऑफिसर्स इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में दिलीप सिंह ने 33 गेंदों पर 37 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। लोकेश शर्मा ने 30 रन, आयुष खरे ने 21 रन और अरविंद शॉ ने 12 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

बिलासपुर की ओर से राहुल गर्ग ने दो विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का प्रदर्शन किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं।

अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरिष्ठ खेल अधिकारी दिलीप सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं लोकेश शर्मा को ‘बेस्ट बैटर’ और राहुल गर्ग को ‘बेस्ट बॉलर’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह आयोजन खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और अधिकारियों के बीच आपसी सौहार्द एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related Post