कोंडागांव, 13 जुलाई 2026 | विकासनगर स्टेडियम में सोमवार से जिला स्तरीय 7A साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी शामिल हुए।
दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों के साथ मैदान में पहुंचकर टॉस किया और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला वुल्फ FC और एम्पायर FC के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में रेफरी की जिम्मेदारी नितेश एक्का ने निभाई। आयोजन के दौरान चंद्रशेखर ठाकुर, बाबा खान, बंटी नाग सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है। आने वाले दिनों में विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
