संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है: गोपाल मोदी

Anp News Live Korba भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा संविधान गौरव दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय टीपी नगर में कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय संविधान की महत्ता और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया और महापौर संजूदेवी राजपूत सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा और समर्पण का भाव रखते हुए इसके मूल्यों एवं आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार: गोपाल मोदी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक के लिए अभिमान, सम्मान एवं गौरव का प्रतीक है। उन्होंने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए बताया कि संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा। संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकृत किया और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया।

उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में समानता, स्वतंत्रता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना समाहित है। प्रत्येक नागरिक को राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर संविधान का सम्मान करना चाहिए और उसके आदर्शों का पालन करना चाहिए। संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का आधार है।

अपने संबोधन में गोपाल मोदी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को नमन करते हुए संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विपक्षी दलों पर संविधान के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के ऐतिहासिक व्यवहार को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संविधान के प्रति सम्मान और निष्ठा के भाव के साथ उसकी महत्ता को समाज तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

संविधान नागरिक अधिकारों की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज: अखिलेश पांडेय

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया और इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा सहित विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक अधिकार प्रदान करता है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारों तथा दायित्वों का भी स्पष्ट निर्धारण करता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों और नारी वंदन से संबंधित पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता का आधार है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।

भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, महापौर संजूदेवी राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, लक्की नंदा, रुक्मणी नायर, अजय कंवर, अजय दुबे, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, संजय राठौर, अविनाश दुबे, सरजू अजय, डॉ. विजय राठौर, रामनारायण सराफ, राजेश लहरे, अंजना सिंह, बीडी शर्मा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post