बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग का समापन, नारायणपुर निंजास और कांकेर नाइट राइडर्स के बीच हुआ फाइनल मुकाबला

कोंडागांव, 10 अक्टूबर 2026। जिला मुख्यालय के चिखलपुटी स्थित पुलिस लाइन मैदान में 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नारायणपुर निंजास और कांकेर नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। ‘सेवन डिस्ट्रिक्ट्स, वन फोर्स, वन स्पिरिट’ की थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के सात जिलों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया।

Uploaded Image

समापन समारोह में कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

Uploaded Image

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान पुलिस जवानों ने मैदान में भी वही उत्साह और जज्बा दिखाया, जो वे अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने बताया कि लीग के कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और कुछ मैचों के परिणाम एक-दो रन या विकेट के अंतर से तय हुए। बस्तर पुलिस महानिरीक्षक ने भी सातों जिलों की टीमों के साथ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

Uploaded Image

एसपी ने कहा कि खेल पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद, समन्वय और विश्वास मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, प्रायोजकों और मीडिया का आभार जताया।

 

विधायक लता उसेंडी ने कहा कि बस्तर में बदलते वातावरण के बीच पुलिस विभाग की ओर से इस तरह की खेल प्रतियोगिता आयोजित करना सकारात्मक पहल है। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष संभाग के अन्य जिलों में भी बारी-बारी से प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और आम जनता के बीच सद्भावना बढ़ाने के साथ ही बस्तर में खेल गतिविधियों के विस्तार, शांति और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

फाइनल मुकाबले के साथ बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग का समापन हुआ।

Related Post