Anp News Live Korba खदान क्षेत्र में संभावित दुर्घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की एसईसीएल बिलासपुर इकाई द्वारा गेवरा खदान में मेगा मॉक ड्रिल-2026 का आयोजन किया गया। भूस्खलन एवं आगजनी जैसी काल्पनिक परिस्थितियों पर आधारित इस संयुक्त अभ्यास में विभिन्न सुरक्षा, बचाव एवं आपदा प्रबंधन एजेंसियों के 269 अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई।
मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग की क्षमता का परीक्षण किया गया। अभ्यास में भूस्खलन और आगजनी की काल्पनिक घटनाओं को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रस्तुत करते हुए बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन किया गया।

कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से किया बचाव अभ्यास
इस मेगा मॉक ड्रिल में सीआईएसएफ, सीआईएसएफ की एनडीआरएफ टीम, एसईसीएल प्रबंधन, एसईसीएल सुरक्षा दल, एसईसीएल रेस्क्यू टीम कुसमुंडा, एसईसीएल अग्निशमन दल, नेहरू अस्पताल, त्रिपुरा राज्य राइफल्स, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राज्य अग्निशमन दल और एनसीसी कोरबा सहित विभिन्न संबंधित एजेंसियां शामिल हुईं।
संयुक्त अभ्यास के दौरान आपातकालीन घटनास्थल पर पहुंचने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, अग्निशमन कार्यों तथा जरूरत के अनुसार चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। साथ ही विभिन्न टीमों के बीच संचार व्यवस्था, आपसी तालमेल और समन्वित कार्यप्रणाली को भी परखा गया।
आपात स्थिति में बचाव और राहत की प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन
मॉक ड्रिल में भूस्खलन और आगजनी की स्थिति में राहत एवं बचाव दलों की कार्रवाई का सजीव प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के माध्यम से यह परखने का प्रयास किया गया कि दुर्घटना या आपदा की स्थिति में संबंधित एजेंसियां कितनी तत्परता से घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर सकती हैं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए किस तरह समन्वित प्रयास कर सकती हैं।
इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर संचार और विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी तालमेल सुनिश्चित करना रहा, ताकि वास्तविक घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके।
सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर बताए जीवन बचाने के तरीके
मेगा मॉक ड्रिल के दौरान सीआईएसएफ की एनडीआरएफ टीम द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान हृदय गति रुकने जैसी गंभीर आपातकालीन स्थिति में सीपीआर की उपयोगिता, इसे समय पर देने की आवश्यकता और जीवन बचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
गेवरा खदान में आयोजित इस संयुक्त अभ्यास के जरिए आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत बनाने, बचाव दलों की कार्यक्षमता परखने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में प्रयास किया गया।
