घर के भीतर बुजुर्ग दंपती के अधजले शव मिलने से सनसनी
रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोंधा गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान के भीतर रिटायर्ड एसईसीएल कर्मी मंगलूराम राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनई बाई राठिया के अधजले शव बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों को आग लगाने की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया गया कि मंगलूराम राठिया मूलतः घरघोड़ा क्षेत्र के औरामुड़ा गांव के निवासी थे। एसईसीएल से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने करीब पांच वर्ष पहले क्रोंधा गांव में कृषि भूमि खरीदी थी और पत्नी के साथ वहीं रहकर खेती-किसानी करते थे।
सुबह काम पर पहुंचे व्यक्ति ने देखा भयावह मंजर
बुधवार सुबह खेत और मकान की देखरेख करने वाला व्यक्ति रोज की तरह पहुंचा तो कमरे के भीतर दोनों के अधजले शव पड़े मिले। उसने तत्काल सरपंच और ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
मृतक के दामाद वीर सिंह ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का भी कहना है कि घटनास्थल की स्थिति सामान्य नहीं लग रही। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड जुटा रहे साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस मृतक दंपती के संपर्कों, हाल की गतिविधियों और अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
