कोंडागांव, 05 नवम्बर 2025। राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता (महापौर ट्रॉफी) में कोंडागांव के मैन ऑफ स्टील जिम के ट्रेनर मयंक पटेल ने अपनी फिटनेस और दमखम का लोहा मनवाते हुए ‘मिस्टर छत्तीसगढ़’ का खिताब जीत लिया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल कोंडागांव, बल्कि पूरे बस्तर अंचल का नाम रोशन हुआ है।
मयंक ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार अनुशासन, मेहनत और ‘मैन ऑफ स्टील जिम’ में मिले सशक्त प्रशिक्षण को दिया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी का है जिन्होंने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचने में सहयोग दिया।

उक्त प्रतियोगिता रायपुर के दुर्गेश्वर मंदिर भवन में संपन्न हुई, जिसमें प्रदेशभर के बॉडीबिल्डर्स ने भाग लिया और अपनी फिटनेस प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी प्रतियोगिता में विधा तांडी ने भी ‘मिस्टर रायपुर’ का खिताब जीता।
मैन ऑफ स्टील जिम – कोंडागांव का फिटनेस हब

कोंडागांव नगर में संचालित ‘मैन ऑफ स्टील जिम’ 2019 से जिले के युवाओं के लिए फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग का प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र बना हुआ है। यहाँ 120 से अधिक युवक एवं युवतियां नियमित रूप से वैज्ञानिक प्रशिक्षण, पोषण सलाह और फिटनेस मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे हैं।
जिम के संचालक ने बताया कि उनका उद्देश्य जिले के युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित करना है। मयंक पटेल की इस ऐतिहासिक जीत ने यह साबित कर दिया है कि कोंडागांव जैसे छोटे नगर से भी राज्य और देश स्तर की उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
