दिव्यांग बुध सिंह के सपनों को लगे पहिए, कलेक्टर के निर्देश पर मिली मोटराइज्ड ट्रायसायकल

कोण्डागांव, 18 मई 2026 | शासन की मंशानुरूप जिले में दिव्यांगजनों को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जिला कार्यालय में एक संवेदनशील पहल देखने को मिली, जहाँ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर ग्राम पंचायत बड़े राजपुर निवासी दिव्यांग बुध सिंह सेठिया को मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई।

यह सहायता समाज कल्याण विभाग, कोण्डागांव के माध्यम से त्वरित रूप से उपलब्ध कराई गई है।

बीमारी ने छीने थे पैर, प्रशासन ने दी नई राह

मोटराइज्ड ट्रायसायकल पाकर बुध सिंह के चेहरे पर एक नई उम्मीद और खुशी साफ देखी जा सकती थी। अपनी आपबीती साझा करते हुए उन्होंने बताया कि एक गंभीर बीमारी के कारण उनके दोनों पैर दिव्यांग हो गए थे। पैर गंवाने के बाद उनका जीवन मानो एक जगह ठहर सा गया था और उन्हें कहीं भी आने-जाने के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था।

"दोनों पैरों से लाचार होने के कारण मेरा आवागमन पूरी तरह बंद हो गया था। लेकिन अब इस मोटराइज्ड ट्रायसायकल के मिलने से मुझे अपने दैनिक कार्यों और ज़रूरी गतिविधियों के लिए आने-जाने में बहुत सहूलियत होगी। मैं अब आत्मनिर्भर महसूस कर रहा हूँ।"

— बुध सिंह सेठिया, लाभार्थी

शासन-प्रशासन का जताया आभार

इस मानवीय और त्वरित मदद के लिए हितग्राही बुद्ध सिंह ने कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं समाज कल्याण विभाग सहित शासन-प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन का कहना है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Related Post