Anp News Live Korba घरों में रखे पुराने खिलौने अब जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उनके सीखने और रचनात्मक विकास में भी मददगार बनेंगे। कोरबा जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू की गई खिलौना दान पहल को नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। लोग अपने बच्चों के उपयोग किए हुए खिलौने दान कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग नए खिलौने खरीदकर भी इस अभियान में योगदान दे रहे हैं।
23 सितंबर से चल रहा खिलौना संग्रह अभियान
जिले में 23 सितंबर को रवाना किया गया खिलौना दान रथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पहुँचकर खिलौने एकत्र कर रहा है। अभियान शुरू होने के बाद से बड़ी संख्या में खिलौने दान में प्राप्त हुए हैं और सहयोग का सिलसिला लगातार जारी है। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी खिलौने दान कर इस पहल में अपनी सहभागिता निभाई है।
आंगनबाड़ी के बच्चों को मिलेगा लाभ
इस अभियान का उद्देश्य जिले के 2,602 आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को खेल के माध्यम से सीखने, कल्पनाशक्ति विकसित करने और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। एकत्र किए गए खिलौनों को पहले व्यवस्थित ढंग से संकलित और वर्गीकृत किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुँचाया जाएगा।
खिलौनों के वितरण में पहाड़ी कोरवा बस्तियों और दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि वहाँ के बच्चों को भी खेल और सीखने की बेहतर सामग्री मिल सके।
पुराने खिलौनों से रोशन होगा किसी और का बचपन
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बड़े हो जाने के बाद घरों में रखे खिलौने किसी दूसरे बच्चे के लिए खुशी और सीखने का जरिया बन सकते हैं। नागरिक साफ-सुथरे, सुरक्षित और उपयोग योग्य खिलौनों के साथ बच्चों के लिए उपयोगी पुस्तकें भी दान कर सकते हैं।
खिलौना दान के लिए इस नंबर पर करें संपर्क
महिला एवं बाल विकास अधिकारी बसन्त मिंज ने बताया कि खिलौना दान अभियान आगामी कुछ दिनों तक जारी रहेगा। जो नागरिक खिलौने दान करना चाहते हैं या संग्रह रथ को अपने घर बुलाना चाहते हैं, वे मोबाइल नंबर 9340509567 पर संपर्क कर सकते हैं।
अभियान के माध्यम से समाज के सहयोग से बच्चों तक खेल, सीखने और खुशियों की सौगात पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
