कोण्डागांव, 7 अक्टूबर 2026। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने जिला पुलिस कार्यालय में विशेष अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी तथा थाना-चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
एसपी ने लंबित अपराध प्रकरणों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति और कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गंभीर एवं लंबित मामलों में शीघ्र विवेचना पूरी कर चालान न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित समन-वारंट की तामिली, आदतन अपराधियों पर कार्रवाई, रात्रि गश्त, सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग और विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

सोशल मीडिया पर अफवाह व भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में उत्कृष्ट कार्य के लिए डीएसपी स्निग्धा सिंह, निरीक्षक आलोक साहू और प्रधान आरक्षक पन्नालाल देहारी को “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान दिया गया। वहीं प्रधान आरक्षक लुमन सिंह भण्डारी, आरक्षक बालचन्द नेताम और आरक्षक बीजू यादव को “एम्पलाई ऑफ द मंथ” से सम्मानित किया गया।
