कोण्डागांव, 07 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम जोंधरापदर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में 438 ग्रामीण विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से लाभान्वित हुए। शिविर में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी शामिल हुईं। विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को गांव के नजदीक ही शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना, श्रम पंजीयन और ग्रामीण रोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।

इस दौरान विधायक ने जोंधरापदर में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपए और सोनाबेड़ा स्टॉपडेम के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपए, कुल 22 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की।

शिविर में राजस्व विभाग ने अतिवृष्टि से मकान क्षति के 121 प्रभावितों को सहायता राशि, 35 जाति, 25 निवास और 80 आय प्रमाण पत्र सहित किसान किताब व स्वामित्व पत्र वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग ने 6 आयुष्मान कार्ड, मत्स्य विभाग ने 2 हितग्राहियों को जाल तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के 6 हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की।

इसके अलावा 10 लखपति दीदियों का सम्मान, पौधों का वितरण, श्रम पंजीयन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार भी कराए गए। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
