राजनांदगांव। जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के प्रवक्ता चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार पर करारा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि 26 दिसंबर 2025 को गोड़लवाही में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज के कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ी-बड़ी घोषणाएं की थीं। लेकिन महीनों गुजर जाने के बाद भी इन घोषणाओं का जमीन पर कोई ठोस असर दिखाई नहीं दे रहा है।
चुम्मन साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गुंदरदही (खुज्जी) से गोड़लवाही से तथा उमरवाही से करमरी लगभग 26 किमी तक सड़क चौड़ीकरण, क्षेत्र में नवीन महाविद्यालय की स्थापना, स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल तथा अटल समरसता भवन निर्माण की घोषणा की थी। आज क्षेत्र की जनता सरकार से सवाल कर रही है कि आखिर इन घोषणाओं का क्या हुआ?
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की राजनीति घोषणा और प्रचार तक सीमित होकर रह गई है। मंच पर घोषणाएं होती हैं, तालियां बजती हैं, प्रचार होता है, लेकिन जब उन घोषणाओं को जमीन पर उतारने की बारी आती है तो सरकार की रफ्तार थम जाती है।
चुम्मन साहू ने कहा कि आदिवासी अंचल की जनता को राजनीतिक भाषण नहीं, बल्कि सड़क, शिक्षा और विकास चाहिए। नवीन महाविद्यालय की घोषणा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी है, वहीं सड़क चौड़ीकरण हजारों ग्रामीणों की सुविधा और आवागमन से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसके बावजूद इन कार्यों की दिशा में ठोस पहल नजर नहीं आना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को पूरा कराने की जिम्मेदारी भी भाजपा सरकार की ही है। सरकार को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि इन कार्यों के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं, बजट कब स्वीकृत हुआ है और निर्माण कार्य कब शुरू होगा।
चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार को अब घोषणाओं का नहीं, बल्कि घोषणाओं पर हुए काम का हिसाब देना होगा। केवल मंच से घोषणा कर देने और उसका प्रचार करने से क्षेत्र का विकास नहीं होता। विकास तभी माना जाएगा, जब सड़कें जमीन पर बनें, महाविद्यालय शुरू हो और घोषित निर्माण कार्य वास्तव में पूरे हों।
उन्होंने कहा कि 26 दिसंबर 2025 को आयोजित उक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और सांसद श्री संतोष पांडेय की मौजूदगी रही थी। इस दौरान भाजपा के स्थानीय नेता एम.डी. ठाकुर, संजय सिन्हा, चंद्रिका डडसेना और गोपाल भूआर्य भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ी-बड़ी घोषणाएं की गईं, लेकिन आज जनता उन घोषणाओं के अमल का इंतजार कर रही है।
चुम्मन साहू ने कहा कि जनता सब देख रही है। भाजपा सरकार की कथनी और करनी के बीच कितना अंतर है, इसका जवाब आने वाले समय में जनता जरूर देगी। सरकार को अब प्रचार नहीं, बल्कि जमीन पर विकास का काम दिखाना होगा।
