कलेक्टर जनदर्शन का बड़ा असर, 4 साल से भटक रही माँ को मात्र दो दिन में मिला बेटे का मृत्यु प्रमाण पत्र

कोण्डागांव, 21 मई 2026 | प्रशासनिक संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक बड़ा उदाहरण कोण्डागांव में देखने को मिला है। कलेक्टर जनदर्शन में पहुँची एक बेबस माँ की गुहार पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने महज़ दो दिनों के भीतर पीड़ित महिला को उसके स्वर्गीय पुत्र का मृत्यु प्रमाण पत्र सौंप दिया। इस त्वरित राहत से पीड़िता के चेहरे पर संतोष और शासन के प्रति विश्वास दिखा।

 

 जानकारी के अभाव में 4 वर्षों से काट रही थी चक्कर

 

मामला कोण्डागांव का है, जहाँ आवेदिका श्रीमती रुक्मिणी नंदा पिछले 4 वर्षों से अपने पुत्र के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटक रही थीं। सही प्रक्रिया और आवश्यक जानकारी न होने के कारण वे लगातार परेशान थीं। मंगलवार को उन्होंने हिम्मत जुटाकर कलेक्टर जनदर्शन में अपनी समस्या रखते हुए आवेदन प्रस्तुत किया।

 

कलेक्टर के निर्देश पर एक्टिव हुआ अमला

 

आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मामले की गंभीरता को समझा। उन्होंने मौके पर ही जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी देवेंद्र शोरी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) नगर पालिका परिषद कोण्डागांव को तत्काल और आवश्यक कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए।

 

दो दिन में पूरी हुई प्रक्रिया, कलेक्टर ने खुद सौंपा प्रमाण पत्र

 

कलेक्टर के निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया। जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी देवेंद्र शोरी के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद कोण्डागांव द्वारा सभी औपचारिकताएं और प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण की गईं। आवेदन के मात्र दो दिवस के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर लिया गया और आज स्वयं कलेक्टर के समक्ष आवेदिका श्रीमती रुक्मिणी नंदा को यह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

Related Post