कोंडागांव, 10 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में कोंडागांव पुलिस द्वारा ग्राम कोरगांव में 9 एवं 10 सितंबर को दो दिवसीय खेलकूद एवं जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम, आरआई मनीष राजपूत, थाना प्रभारी इरागांव नरेश सलाम, थाना प्रभारी धनोरा रामेंद्र सिंह सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, श्रम कार्ड एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिसका आसपास के ग्रामीणों ने लाभ उठाया। वहीं साइबर जागृति शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

खेल प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल में ग्राम कानागांव प्रथम और बिन्झे द्वितीय रहा। कबड्डी में कोरगांव ए टीम प्रथम तथा कोरगांव बी टीम द्वितीय रही। महिलाओं के लिए मटका फोड़ एवं नींबू दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विजेता प्रतिभागियों, स्कूली बच्चों तथा ग्राम के सरपंच, पटेल, गायता-पुजारी को पुरस्कार एवं सामग्री वितरित की गई।

पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार एवं नगद राशि प्रदान की। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को सामूहिक भोजन कराया गया। दूरस्थ क्षेत्र में पुलिस के इस आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
