Anp News live, Korba भारत विकास परिषद की शक्ति स्वरूपा शाखा द्वारा श्री मुकुटधर पांडेय साहित्य भवन में “स्वस्थ नारी, समृद्ध परिवार, सफल समाज” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रांतीय गोरखाली समाज सी.जी. कोरबा की महिलाओं एवं बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शक्ति स्वरूपा शाखा की अध्यक्षा श्रीमती पद्मिनी साहू की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनी पांडे, कर अधिवक्ता श्रीमती भारती अरोरा, श्रीमती सुषमा दानी, श्रीमती ममता वासन, श्रीमती मीना पुरी एवं श्रीमती ललिता सिंह उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों का गोरखाली खादा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. रजनी पांडे ने महिलाओं को PCOS, PCOD और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए उनके लक्षण, बचाव और समय पर जांच की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं श्रीमती भारती अरोरा ने डिजिटल युग में बच्चों को अच्छे संस्कार देने और माता-पिता की जिम्मेदारियों पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।
करीब 30 महिलाओं और 10 बच्चियों ने पूरे कार्यक्रम को बड़े ध्यान और उत्साह के साथ सुना। वक्ताओं के प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित किया। मंचस्थ अतिथियों के स्वागत एवं कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रांतीय गोरखाली समाज की अध्यक्ष श्रीमती शकुन गुरुंग ने विशेष भूमिका निभाई। महिला सहभागिता संयोजिका श्रीमती मीना पुरी और श्रीमती सुषमा दानी ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
कार्यक्रम के दौरान कु. मुस्कान एवं शशि थामी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी, जबकि श्रीमती माया थापा ने मधुर गायन से समां बांध दिया। लगभग 50 लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और यादगार बना दिया।
अंत में श्रीमती पद्मिनी साहू के प्रेरणादायक उद्बोधन ने महिलाओं को आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का समापन श्रीमती माया थापा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
