Anp News live korba छत्तीसगढ़ सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। कोरबा के मोतीसागरपारा निवासी कन्हैया लाल टेवानी की शिकायत का अगले ही दिन निराकरण होने से एक बार फिर इस व्यवस्था की प्रभावशीलता सामने आई है।
दरअसल, टेवानी के घर के पास लगी स्ट्रीट लाइट पिछले चार-पांच दिनों से खराब थी, जिससे पूरे मोहल्ले में रात के समय अंधेरा रहता था और लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने तत्परता दिखाते हुए अगले ही दिन स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर उसे चालू कर दिया।

कन्हैया लाल टेवानी ने बताया कि उन्हें सीएम हेल्पलाइन की जानकारी फेसबुक और समाचार पत्रों के माध्यम से मिली थी। पहली बार इस सुविधा का उपयोग करने पर उनकी शिकायत का त्वरित समाधान हुआ। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद अधिकारियों ने दो से तीन बार फोन कर समाधान की स्थिति भी जानी, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ।
स्ट्रीट लाइट चालू होने के बाद पूरे मोहल्ले में फिर से रोशनी लौट आई है और रात में लोगों का आवागमन सुरक्षित हो गया है। टेवानी ने अन्य नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी जनसमस्या के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 का उपयोग करें।
उन्होंने शिकायत के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी जनहितकारी पहलें नागरिकों और शासन के बीच विश्वास को और मजबूत बना रही हैं।
