Anp News Live Janjgir-Champa जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा, कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी नीलिमा दीघ्रस्कर के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने अकलतरा क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद की है।
पीपरसत्ती में महिला के घर से महुआ शराब बरामद
आबकारी वृत्त अकलतरा की टीम ने ग्राम पीपरसत्ती में छापेमारी कर मीना बाई कुर्रे (52 वर्ष) के रिहायशी मकान से 8 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की। जांच में अवैध रूप से शराब का भंडारण पाए जाने पर आरोपिया के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया।
अमरताल में युवक के कब्जे से देशी शराब जब्त
इसी क्रम में आबकारी विभाग ने ग्राम अमरताल में कार्रवाई करते हुए दिलहरण डहरिया (28 वर्ष) के घर से 7.20 लीटर देशी प्लेन मदिरा बरामद की। आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
अवैध शराब कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक यीवरेश कुमार, मुख्य आरक्षक मुकेश शर्मा, विमल सनाद्य, आरक्षक गीता कमल एवं अंशु पाटनवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
