पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 25-30 लाख की ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

फ़रसगांव/कोंडागांव, 5 सितंबर 2026। पुलिस विभाग में बस्तर फाइटर और जिला बल में आरक्षक की नौकरी लगाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह का फरसगांव और कोंडागांव पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में गिरोह के मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने करीब 15 पीड़ितों से 25 से 30 लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है।

Uploaded Image

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवाओं को पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से अपनी पहचान होने का झांसा देते थे। नौकरी लगवाने के नाम पर एडवांस रकम लेने के साथ ही पीड़ितों से आधार कार्ड, अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज भी लेते थे। रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो जाते थे।

 

मामले में फरसगांव थाने में तीन और कोंडागांव कोतवाली में एक अपराध दर्ज है। करीब तीन महीने से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पीड़ितों के बैंक खातों, आरोपियों के खातों और मोबाइल लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।

 

विशेष टीम ने दबिश देकर शत्रुघ्न टंडन (48) निवासी मस्तूरी, हाल देवरीखुर्द बिलासपुर को तोरवा, बिलासपुर से तथा बुध सिंह मरकाम (42) निवासी भर्रीपारा, फरसगांव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, पीड़ितों के दस्तावेजों की फाइलें, डायरी और रजिस्टर जब्त किए गए हैं।

 

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय और एसडीओपी कोंडागांव रुपेश कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस मामले में आरोपियों के अन्य साथियों और ठगी की पूरी रकम के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Related Post