कोंडागांव, 6 सितंबर। थाना कोंडागांव क्षेत्र के भेलवापदर पारा में विवाद के दौरान युवक पर लोहे की रॉड से प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को राजकमल सागर (33) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सुबह करीब 10 बजे नीलकंठ कोर्राम के घर के पास बैठा था। इसी दौरान जितेन्द्र नेताम और अंकित कोर्राम वहां पहुंचे और विवाद करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि जितेन्द्र ने राजकमल को पकड़ लिया, जबकि अंकित ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत धारा 109, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया। एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र नेताम (30) और अंकित कोर्राम (32), दोनों निवासी मेलावापदर पारा, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।
