कोंडागांव, 13 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 12 अगस्त को आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश एवं ओडिशा राज्य में बिक्री के लिए रखी गई 35.700 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की।
कार्रवाई के दौरान सनत कुमार बघेल, निवासी मांडोकी खरगांव को अवैध विदेशी मदिरा के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1), 34(2), 36 एवं 59-क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं जिला आबकारी अधिकारी डिगेश देवांगन के निर्देशन में की गई। प्रकरण की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, केशकाल द्वारा की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और संलिप्त लोगों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
