कोंडागांव/नारायणपुर, 06 नवम्बर 2025 – नारायणपुर जिले के थाना भरंडा क्षेत्र अंतर्गत बिंजली डेम में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में कोंडागांव निवासी युवक की डूबने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कुमुद सोनानी (40 वर्ष), पिता शंकर सोनानी, निवासी डी.एन.के कॉलोनी कोंडागांव (वर्तमान निवास नयापारा, नारायणपुर) अपने कुछ साथियों के साथ घूमने के उद्देश्य से बिंजली डेम गया हुआ था। सूत्रों के अनुसार नहाने के बाद सभी मित्र किनारे बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान मोबाइल पर फोन आने पर कुमुद बातचीत करते हुए आगे बढ़ गया और अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चला गया।
साथियों द्वारा खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुरुवार सुबह लगभग 9:30 बजे कुमुद सोनानी का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
मृतक कुमुद सोनानी नारायणपुर कोर्ट में जज के वाहन चालक के रूप में पदस्थ थे। इससे पूर्व वे जिला न्यायालय कोंडागांव में पदस्थ थे और दीपावली के एक दिन पहले ही उनकी पदस्थापना नारायणपुर में हुई थी।
इस दुखद समाचार से कोंडागांव नगर में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनों व परिचितों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
