जनदर्शन में ग्रामीणों ने लगाई गुहार, फर्जी दस्तावेज से जमीन हड़पने का आरोप

दर्रामुड़ा के चार ग्रामीणों ने जांच कर कब्जा हटाने और कार्रवाई की मांग उठाई

 

रायगढ़। जिले के पुसौर तहसील अंतर्गत ग्राम दर्रामुड़ा के चार ग्रामीणों ने अपनी पुश्तैनी भूमि पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री कर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

शिकायतकर्ता जुली, कमला, नीलाम्बर एवं सहोद्रा, सभी निवासी ग्राम दर्रामुड़ा, ने बताया कि उनकी स्वामित्व एवं आधिपत्य वाली भूमि पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री करा दी गई है।

 

आवेदन के अनुसार विवाद पटवारी हल्का नंबर-7 के अंतर्गत स्थित खसरा नंबर 335/1 एवं 344/1 से संबंधित है, जिनका रकबा क्रमशः 0.085 हेक्टेयर और 0.081 हेक्टेयर है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि रितेश अग्रवाल, पिता दशरथ अग्रवाल ने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि की रजिस्ट्री कराकर उस पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने प्रशासन से राजस्व विभाग सहित संबंधित विभागों से पूरे प्रकरण की जांच कराने, यदि आरोप सही पाए जाएं तो दोषी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने तथा भूमि का कब्जा उन्हें वापस दिलाने की मांग की है।

 

फिलहाल प्रशासन को शिकायत सौंप दी गई है और प्रकरण में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post