Anp News Live Janjgir- Champa जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुड़गा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक चाचा ने अपने ही भतीजे पर हमला कर उसकी उंगली दांत से काट दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार यादव (30 वर्ष) मजदूरी के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ रानीसराय गया हुआ था। 23 अप्रैल 2026 की रात वह गांव लौटने के बाद अपनी दादी सोनकुंवर यादव से मिलने उनके घर पहुंचा था। इसी दौरान उसका चाचा रवि यादव पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर विवाद बढ़ने पर अमित यादव के दाहिने हाथ की इंडेक्स उंगली को दांत से काट दिया, जिससे उंगली अलग हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने तत्काल थाना पामगढ़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी रवि यादव (35 वर्ष) निवासी डुड़गा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) एवं 118(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
