कोण्डागांव, 28 अगस्त 2026। जिले में अवैध मदिरा के परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीम ने Alto K10 कार से अन्य प्रांत की शराब का अवैध परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में वाहन से 22 पेटियों में रखी 1,440 नग पाव विदेशी मदिरा, कुल 187.200 बल्क लीटर शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹1,72,800 तथा परिवहन में प्रयुक्त Alto K10 वाहन की कीमत करीब ₹5,10,000 है। दोनों को मिलाकर कुल ₹6,82,800 की सामग्री जब्त की गई।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं जिला आबकारी अधिकारी डिगेश देवांगन के निर्देशन में आबकारी उपनिरीक्षक मोरजध्वज साहू के नेतृत्व में की गई। साइबर सेल कोण्डागांव का भी तकनीकी सहयोग मिला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम सुंदर बघेल और तुलसी बघेल, निवासी सोरगांव, थाना भानपुरी, जिला बस्तर के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
