अरनोद में चोरों के हौसले बुलंद, मंदिर से लेकर मकानों तक लगातार वारदातें

अरनोद में चोरों के हौसले बुलंद, मंदिर से लेकर मकानों तक लगातार वारदातें

 

थाने से कुछ ही दूरी पर बालाजी मंदिर में चोरी, दो चांदी के छत्र ले गए चोर

 

अरनोद थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात अरनोद थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर प्रतापगढ़ रोड स्थित बालाजी मंदिर में चोरों ने धावा बोला, जहां से दो चांदी के छत्र चुरा ले गए। चोरों ने मंदिर के दान पात्र और लोहे की पेटी को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। बताया जा रहा है कि इस मंदिर में अब तक करीब 10 से 12 बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन आज तक किसी भी चोरी का खुलासा नहीं हुआ है।

 

करीब पांच महीने पहले भी मंदिर में चोरी हुई थी, जिसमें चोरों ने दान पात्र तोड़कर नकदी चुरा ली थी और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर DVR भी साथ ले गए थे। वहीं चार महीने पूर्व नई आबादी क्षेत्र में एक मकान से 22 लाख रुपये की चोरी हुई थी, जिसका भी खुलासा अब तक नहीं हो पाया है।

 

इसी प्रकार कुछ समय पूर्व सालमगढ़ मंदिर व सिंगपुरिया माताजी मंदिर के पास स्थित बालाजी मंदिर में भी तोड़फोड़ की गई थी, लेकिन अब तक चोरों का कोई पता नहीं चल पाया है और पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।

 

क्षेत्र में कई स्थानों पर मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें भी बढ़ती जा रही हैं, परंतु पुलिस किसी भी मामले में सफलता हासिल नहीं कर पाई है। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद हैं, जबकि पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

Related Post