खिरसाली पारा में जुआ खेलते 12 आरोपी गिरफ्तार, 30,760 रुपये नकद जब्त

Anp News Live Janjgir Champa जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 30,760 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश तथा एक बोरी फट्टी बरामद की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा के खिरसाली पारा स्थित नदी किनारे सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसे का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना चांपा पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और मौके पर दबिश दी।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान जुआ खेल रहे 12 लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में नीरज दास निवासी भोजपुर चांपा, विजय देवांगन निवासी थाना चौक चांपा, राजेश देवांगन निवासी संजय नगर चांपा, बबलू सेन निवासी बेलदारपारा चांपा, अरुण बघेल निवासी बेरियर चौक चांपा, प्रसाद मोहन निवासी बिरगहनी चौक थाना जांजगीर, विक्रम दास निवासी बिरगहनी थाना जांजगीर, भावेश दास निवासी संजय नगर चांपा, रितेश मिरी निवासी बरपाली चौक चांपा, दीपक सिंह निवासी राजापारा चांपा, हीरा सहिस निवासी बेरियर चौक चांपा तथा जगदीश दास निवासी बेरियर चौक चांपा शामिल हैं।

तलाशी और जुआ फड़ की जांच के दौरान पुलिस को कुल 30,760 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और एक बोरी फट्टी मिली। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया। जांच में आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उनके खिलाफ विधिवत कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में की गई। अभियान में प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, संजय केवंट, राहुल सूर्यवंशी सहित थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Related Post