“ऑपरेशन रेल प्रहरी” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) नागपुर मंडल को बड़ी सफलता मिली है। सतर्कता और स्थानीय पुलिस के साथ बेहतरीन समन्वय के चलते डोंगरगढ़ चोरी कांड के दो फरार आरोपियों को ट्रेन से गिरफ्तार किया गया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत चल रहे इस विशेष अभियान में मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के निर्देशन में लगातार रेल परिसरों और ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 03 मई 2026 को नियंत्रण कक्ष नागपुर को सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 22847 मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में चोरी के मामले के दो वांछित आरोपी यात्रा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही RPF टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोंदिया स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही कोच B-5, सीट नंबर 17 से दोनों आरोपियों—सरीफ खान और अमित केशरी—को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई में RPF और स्थानीय पुलिस थाना बोरतलाब की संयुक्त टीम शामिल रही।
पूछताछ में पुष्टि हुई कि दोनों आरोपी डोंगरगढ़ थाना में दर्ज करीब 19.44 लाख रुपये की चोरी के मामले में वांछित थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
इस सफल कार्रवाई पर डोंगरगढ़ पुलिस ने RPF की तत्परता और समन्वय की सराहना की है। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
