सुने मकान में चोरी की वारदात डेढ़ लाख नकद व 50 हजार के जेवरात ले उड़े अज्ञात चोर

 

रायगढ़। जिले में अज्ञात चोरों ने सुने मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपए नकद एवं लगभग 50 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

परिवार के बाहर होने का उठाया फायदा

मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बापू नगर निवासी अंकुर बंधन अपने चाचा के देहांत के बाद पूरे परिवार के साथ जांजगीर-चांपा कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। 31 दिसंबर की शाम उसकी बहन रायगढ़ लौट आई थी और अपने चाची के यहां रुक गई थी।

टूटा मिला मकान का ताला, अंदर बिखरा था सामान

अंकुर बंधन ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी की दोपहर करीब 2 बजे उसकी बहन जब घर पहुंची तो देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था। अनहोनी की आशंका पर अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। इसके बाद उसने तत्काल परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

नकदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर

अज्ञात चोर मकान से चांदी की पायल (1 जोड़ी), चांदी की चेन, बिछिया, एक अंगूठी, सोने का कान का झुमका जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए, तथा घर निर्माण के लिए रखी गई 1 लाख 50 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध, तलाश जारी

  1. काफी पतासाजी के बाद भी जब चोरों का कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपियों की पतासाजी जारी है।

Related Post