Anp News Live Sakti केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित सक्ती दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करने और आयोजन स्थल पर अतिथियों, हितग्राहियों तथा आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री के आगमन और स्वागत की तैयारियों, मुख्य मंच की व्यवस्था, लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम, विभागीय स्टॉल, हितग्राहियों की जानकारी, बैठक व्यवस्था और प्रवेश-निकासी से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और निर्धारित समय के भीतर पूरी होनी चाहिए।
उन्होंने पेयजल, एम्बुलेंस, चिकित्सा दल, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेटिंग, स्वच्छता और बायो टॉयलेट सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त जैन ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, हितग्राही और आम नागरिक शामिल होंगे। ऐसे में प्रवेश एवं निकासी मार्गों को व्यवस्थित रखने, पार्किंग की उचित व्यवस्था करने तथा आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विभागीय स्टॉलों की व्यवस्था और हितग्राहियों से संबंधित जानकारी को भी स्पष्ट एवं व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों को समय-सीमा में पूरा करने को कहा। संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम का आयोजन गरिमापूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से होना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा।
बैठक में कलेक्टर जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर वीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
