भाजपा सरकार में अब मौसम विभाग की भी जरूरत नहीं, सांसद जी ने नींबू काटकर बारिश रोकने का नया फार्मूला खोज लिया” — चुम्मन साहू

 

राजनांदगांव। डोंडी लोहारा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम के दौरान सांसद भोजराज नाग द्वारा बारिश रोकने के लिए नींबू काटने के वायरल वीडियो को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता चुम्मन साहू ने भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जमकर निशाना साधा है।

चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों को जनता ने समस्याओं का समाधान करने के लिए चुना है, लेकिन यहां जनता के मुद्दों को छोड़कर बारिश रोकने के लिए नींबू काटने का नजारा देखने को मिल रहा है। प्रदेश में किसान परेशान हैं, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महंगाई से आम आदमी की कमर टूट रही है और सड़क-बिजली-पानी जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बारिश हुई तो सांसद जी नींबू काटकर बारिश रोकने में लग गए। अगर नींबू काटने से मौसम बदल सकता है तो भाजपा सरकार को मौसम विभाग की जरूरत ही क्या है?”

साहू ने कहा कि जनता को टोटका नहीं, ठोस काम चाहिए। दिखावा नहीं, विकास चाहिए। भाषण नहीं, रोजगार चाहिए। भाजपा नेताओं को ऐसे दिखावे से बाहर निकलकर जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को नींबू काटने की राजनीति छोड़कर किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान देना चाहिए। जनता सब देख रही है और समय आने पर अपने वोट से जवाब देगी।

Related Post