भू-विस्थापितों की समस्याओं को लेकर केंद्रीय कोयला मंत्री से मिले विधायक प्रेमचंद पटेल

 Anp News Live Korba कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल ने नई दिल्ली में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विशेष रूप से भू-विस्थापित परिवारों की लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान विधायक पटेल ने कटघोरा क्षेत्र में कोयला खनन और उससे प्रभावित परिवारों से जुड़े विषय केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन और पुश्तैनी संपत्ति देने वाले भू-विस्थापित परिवारों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।

विधायक ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने का आग्रह किया। उन्होंने क्षेत्र की जमीनी परिस्थितियों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराते हुए लंबित मामलों में आवश्यक पहल करने की मांग रखी।

केंद्रीय मंत्री ने गंभीरता से सुनीं समस्याएं

बैठक में भू-विस्थापित परिवारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। विधायक प्रेमचंद पटेल ने संबंधित मामलों के समाधान के लिए केंद्रीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भू-विस्थापितों से जुड़े मामलों में उनके हितों को प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

मंत्री के स्तर पर समस्याओं को गंभीरता से लिए जाने के बाद भू-विस्थापित परिवारों और क्षेत्रीय प्रतिनिधियों में समाधान को लेकर सकारात्मक उम्मीद जगी है।

क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और भू-विस्थापित रहे मौजूद

इस अवसर पर हरदी बाजार के सरपंच लोकेश कुमार कंवर, भू-विस्थापित नरेश टंडन, हरदी बाजार उपसरपंच प्रतिनिधि हीरामणी जायसवाल, बोईदा उपसरपंच प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा, सिरली सरपंच प्रतिनिधि रघुराज सिंह उईके, रेकी उपसरपंच शिव नारायण यादव, भू-विस्थापित मन्नु राठौर और आशीष अग्रवाल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भू-विस्थापितों के हितों के लिए जारी रहेगा प्रयास

विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि कटघोरा क्षेत्र का विकास और क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है। क्षेत्रवासियों की मांगों को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा। केंद्रीय मंत्री के समक्ष समस्याएं रखने और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने से प्रभावित परिवारों को अपनी मांगों के समाधान की उम्मीद बंधी है।

 

Related Post