रायगढ़/ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाली कच्ची सड़क पर एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा मृतका की पहचान के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार 17 जून को मायाराम सालिकराम के क्रेशर के समीप सड़क किनारे एक महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटनास्थल पर शव के घसीटे जाने के निशान मिले हैं तथा शव का चेहरा एवं शरीर का कुछ हिस्सा बुरी तरह जला हुआ था।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने महिला की हत्या कर उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मृतका के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार उसका रंग सांवला है तथा दोनों हाथों में पीले और मटमैले रंग की प्लास्टिक की चूड़ियां थीं। घटनास्थल से एक काले रंग का पेटीकोट, हरे रंग की ‘लोटस’ चप्पल की एक जोड़ी तथा नीले रंग की जेंट्स चप्पल की एक जोड़ी भी बरामद हुई है। पुलिस का मानना है कि यह सामान मामले की जांच में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।
इस मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या एवं साक्ष्य मिटाने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र से 45 से 50 वर्ष की कोई महिला लापता हो या उपलब्ध हुलिए के आधार पर किसी को कोई जानकारी हो, तो तत्काल पूंजीपथरा थाना अथवा निकटतम पुलिस थाना को सूचित करें।
