सालमगढ़ पुलिस ने धमकी व आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में चार आरोपी दबोचे, मोटरसाइकिल जब्त
जिले की सालमगढ़ थाना पुलिस ने 7 दिन पूर्व हुई आत्महत्या मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर रात में घर में घुसकर धमकी देने, मारपीट करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप हैं। साथ ही आरोपियों से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
तुलसीबाई मीणा निवासी कानड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी जितेंद्र मीणा, निलेश मीणा और दो अज्ञात युवक उसके घर में घुसे, तलाशी ली और धमकी देकर एक मोटरसाइकिल ले गए। अगले दिन सुबह गांव के खेत में बबूल के पेड़ से उसके पुत्र कालूराम की लाश लटकी मिली। परिजनों ने आरोपियों पर हत्या कर लटकाने का आरोप लगाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कालूराम के अवैध संबंधों की शंका में आरोपी पक्ष ने रंजिशवश यह साजिश रची। जांच के दौरान पुलिस ने रितेश मीणा (23), कालूराम मीणा (19), जीतू उर्फ जितेंद्र मीणा (22) और लोकेश मीणा (22) सभी निवासी लापरिया रूण्डी को डिटेन कर पूछताछ की। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
