रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए जान-पहचान कर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने का गंभीर आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को थाना पुसौर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी पहचान इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से संदीप प्रधान, निवासी बोरोडीपा चौक, पुसौर से हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद दोनों के बीच मोबाइल फोन के जरिए नियमित संपर्क होने लगा।
पीड़िता के अनुसार जनवरी 2024 से अप्रैल 2024 के बीच आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी बार-बार विवाह का आश्वासन देता रहा, लेकिन बाद में उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर थाना पुसौर में आरोपी के विरुद्ध धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी संदीप प्रधान को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुसौर पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना गंभीरता से की जा रही है और पीड़िता को हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी से भी संबंध बनाते समय सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
