दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल यात्रियों को आधुनिक डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मंडल वाणिज्य विभाग द्वारा रेलवन ऐप की उपयोगिता को आमजन तक पहुँचाने हेतु निरंतर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज बिलासपुर स्थित आर्यभट्ट कोचिंग सेंटर में मंडल वाणिज्य विभाग द्वारा एक विशेष प्रचार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षकों ने छात्र-छात्राओं को रेलवन ऐप की विशेषताओं एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा अपने मोबाइल में इंस्टॉल करने तथा इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान बताया गया कि रेलवन ऐप यात्रियों को एक ही मंच पर कई महत्वपूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराता है, जिनमें प्रमुख हैं –
ऑनलाइन टिकट बुकिंग
लाइव ट्रेन स्टेटस की जानकारी
आरक्षण विवरण एवं स्टेशन संबंधी सूचना
टिकट रद्दीकरण एवं रिफंड प्रक्रिया
शिकायत दर्ज करने एवं निवारण की सुविधा
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को तेज, पारदर्शी एवं सुरक्षित डिजिटल सेवाएँ प्राप्त होती हैं, जिससे उनकी यात्रा और भी सहज एवं आरामदायक बनती है। हमारा लक्ष्य है अधिक से अधिक यात्री इस ऐप का उपयोग करें तथा डिजिटलीकरण के लाभ उठाकर रेलवे की सेवाओं का आसानी से लाभान्वित हों ।
