30 हजार सीड बॉल से हरियाली की नई पहल, सारंगढ़ में 'बीज रोपण उत्सव' बना जनआंदोलन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) 'वीबी-जीरामजी' के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। जनपद पंचायत सारंगढ़ की ग्राम पंचायत गोड़म में सीएलएफ क्लस्टर से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने सामूहिक प्रयास से करीब 30 हजार सीड बॉल तैयार कर हरित अभियान को नई गति दी।

इन सीड बॉल का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्लस्टर के सरपंचों, अधिकारियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं की उपस्थिति में संबंधित ग्राम पंचायतों को किया गया। इस अवसर पर सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर 'बीज रोपण उत्सव' मनाया और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि तैयार किए गए सीड बॉल का उपयोग वीबी-जीरामजी के अंतर्गत निर्मित तालाबों, डबरियों की मेड़ों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर किया जाएगा। वर्षा ऋतु में इनके रोपण से हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण को मजबूत करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को वीबी-जीरामजी योजना के उद्देश्यों, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। सभी से आह्वान किया गया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Related Post