Anp News Live Korba जिले में राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा निर्मित नवीन तहसील एवं अनुविभागीय कार्यालय भवनों में कार्य संचालन शुरू हो गया है। इन भवनों के शुरू होने से प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही आम नागरिकों को भी राजस्व संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर बेहतर तरीके से उपलब्ध हो रही हैं।
राज्य शासन द्वारा पर्यावरण एवं अधोसंरचना मद के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में कोरबा जिले के लिए पांच नवीन तहसील कार्यालय भवन एवं एक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन के निर्माण हेतु 403.63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इसके तहत भैंसमा, बरपाली, दीपका, पसान और अजगरबहार में तहसील कार्यालय तथा पाली में एसडीएम कार्यालय भवन का निर्माण कराया गया।
वर्तमान में भैंसमा, बरपाली, दीपका, पसान और पाली के नवीन भवनों में नियमित रूप से कार्यालयीन कार्य संचालित किए जा रहे हैं। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन भवनों में अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल रहा है, वहीं नागरिकों को भी राजस्व सेवाओं के लिए अधिक सुविधा और सहजता का लाभ प्राप्त हो रहा है।
अजगरबहार तहसील कार्यालय भवन का निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है। यहां विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। विद्युत लाइन जोड़ने एवं भवन हस्तांतरण की कार्रवाई पूरी होते ही कार्यालय संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा किए गए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों से जिले की प्रशासनिक अधोसंरचना को नई मजबूती मिली है। इससे शासकीय कार्यों की दक्षता बढ़ने के साथ-साथ ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को राजस्व सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने का उद्देश्य भी साकार हो रहा है।
