कोरजा के स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय में हुआ भव्य साइकिल वितरण कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों व शिक्षकों की रही विशेष उपस्थिति
आशीष श्रीवास/गौरेला पेंड्रा मरवाही (छत्तीसगढ़)
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत ग्राम पंचायत कोरजा स्थित स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा मुख्य रूप से उपस्थित रहे और छात्राओं को साइकिल वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवन पैकरा ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार दूरी और परिवहन की समस्या के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है, लेकिन अब साइकिल मिलने से वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगी और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज और देश का सर्वांगीण विकास संभव है, और बेटियों को शिक्षित करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इस योजना से निश्चित रूप से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनेंगी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच श्री कमलेश रौतेल, उपसरपंच श्री अभिलाष सोनी, विद्यालय के प्राचार्य श्री विष्णु प्रसाद कुर्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिक्षक श्री कृष्ण पाल उइके, श्री सौरभ साहू, श्री चंदूलाल सिंगरौल, श्री विमल कुमार रोहिणी, श्री राजकुमार कश्यप, श्री दुर्गा प्रसाद साहू तथा शिक्षिकाएं श्रीमती कविता नामदेव, श्रीमती आसीता श्रीवास, श्रीमती दीपिका गुप्ता एवं श्रीमती मोहिनी तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा। अंत में सभी अतिथियों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
