Anp news ‘मोर गांव-मोर पानी’ का संदेश, जल संरक्षण के लिए दिलाई गई शपथ

Anp News Live Janjgir- Champa ग्रामीण विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं प्रधानमंत्री आवास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को रोजगार मांग पंजीयन, श्रमिक अधिकार, रोजगार प्राप्त करने की प्रक्रिया, मजदूरी भुगतान व्यवस्था और उपलब्ध कार्यों के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही मनरेगा के तहत चल रहे परिसंपत्ति निर्माण, जल संरक्षण और जल संवर्धन कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।

इस दौरान "मोर गांव-मोर पानी" अभियान के तहत जल संरक्षण एवं जल संवर्धन संरचनाओं के निर्माण पर विशेष चर्चा की गई। ग्रामीणों को तालाब गहरीकरण, आजीविका डबरी निर्माण, जल संचयन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन से जुड़े कार्यों की उपयोगिता बताई गई। आगामी वर्षा ऋतु और पौधरोपण अभियान को देखते हुए पौधारोपण स्थलों के चयन, गड्ढा खुदाई और पौधों के संरक्षण संबंधी तैयारियों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृत आवासों का निर्माण जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विकसित भारत-जी-रामजी अभियान की प्रमुख विशेषताओं और उद्देश्यों से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।

ग्रामीणों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा मनरेगा योजना की जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Related Post