Anp news अब एक कॉल में पहुंचेगी शिकायत सरकार तक, मुख्यमंत्री ने लॉन्च की ‘सीएम हेल्पलाइन 1076’

Anp News Live Korba प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से ‘सीएम हेल्पलाइन 1076’ का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के माध्यम से नागरिक अब अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए प्रदेश के लोग टोल फ्री नंबर, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे उसकी ट्रैकिंग, मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य जनता की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और त्वरित समाधान करना है। सीएम हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बनेगी तथा जनसेवा को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाएगी।

नई व्यवस्था की खास बात यह है कि यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो शिकायत की पुनः समीक्षा का भी प्रावधान रखा गया है। साथ ही नागरिक अपने सुझाव भी सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे, जिससे जनहित और विकास कार्यों को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

हेल्पलाइन के शुभारंभ के साथ ही कोरबा जिले में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक अपनी समस्याएं दर्ज करानी शुरू कर दी हैं। जिले में पेयजल, सड़क, नाली, भूमि संबंधी मामलों, विद्युत व्यवस्था और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी 70 से अधिक शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रशासन द्वारा सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

Related Post