नहर में समाया पिकअप वाहन: 5 की मौत की आशंका, क्षेत्र में मचा हड़कंप

कोरबा, उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहागपुर-मुकुंदपुर के बीच स्थित नहर में एक पिकअप वाहन के गिरने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों के मौत की आशंका जताई जा रही है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। घटना रविवार सुबह उस वक्त घटी जब यह पिकअप वाहन ग्राम रेड़ा (जिला शक्ति) से मड़वारानी के समीप खरहरी गांव में आयोजित छठी समारोह के लिए रवाना हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में लगभग 22 से 25 लोग सवार थे। हादसे के बाद अधिकांश लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन पांच लोग अब भी लापता हैं।

 

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, गहराई में जाने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और तेजी से राहत कार्य शुरू किया गया। पिकअप वाहन को क्रेन की मदद से नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन उसमें कोई शव बरामद नहीं हुआ। पुलिस को आशंका है कि तेज बहाव के कारण शव नहर की गहराई में आगे बह गए होंगे। इसी संभावना को देखते हुए पुलिस और गोताखोरों की टीम को आगे रवाना किया गया है।

 

शोक में डूबा क्षेत्र, प्रशासन मुस्तैद

इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। पीड़ित परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

 

 

 

Related Post