मां मड़वारानी पहाड़ पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, कई घायल

कोरबा। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मां मड़वारानी पहाड़ पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मां मड़वारानी देवी के दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन पहाड़ की चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कई श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें एक 10 वर्षीय बालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गुमिया से लगभग 30 से 35 श्रद्धालु मां मड़वारानी देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। पहाड़ की खड़ी चढ़ाई पर पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते पिकअप पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में क्षमता से कहीं अधिक श्रद्धालु सवार थे, जिसकी वजह से वाहन संतुलन खो बैठा और हादसा हो गया।

 

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय बच्चे को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

मां मड़वारानी मंदिर, कोरबा जिला मुख्यालय से लगभग 22 किलोमीटर दूर और 2200 फीट (करीब 5 किलोमीटर की ऊंचाई) पर स्थित है। यह क्षेत्र धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

Related Post