लापरवाही बनी जानलेवा: स्टील कंपनी संचालकों पर FIR, गर्भवती श्रमिक की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी में बाउंड्री वॉल गिरने से गर्भवती महिला श्रमिक की मौत के मामले में पुलिस ने कंपनी संचालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मर्ग जांच में हादसे के पीछे सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

 

जानकारी के अनुसार 18 जून को तेज आंधी, तूफान और बारिश के दौरान कंपनी परिसर में स्थित बाउंड्री वॉल अचानक लेबर क्वार्टर पर गिर गई। मलबे में दबने से पहाड़ लुडेग (थाना लैलूंगा) निवासी रंभा यादव (30 वर्ष), सुनील परमार और उनकी पत्नी रिंकी डेलकी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान गर्भवती रंभा यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि कंपनी संचालकों दयानंद अग्रवाल और शंकर लाल अग्रवाल ने अपने क्रेशर प्लांट में महालक्ष्मी कास्टिंग प्रा. लि. की बाउंड्री वॉल से सटाकर बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए लेबर क्वार्टर का निर्माण कराया था। इसी लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना गया है।

 

प्रारंभिक जांच के आधार पर पूंजीपथरा पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) एवं 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी और कानूनी पहलुओं की गहन जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर मजदूरों के जीवन को खतरे में डालने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

Related Post