महिला सुरक्षा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, सिक्योरिटी इंचार्ज पहुंचा जेल

रायगढ़। जिले में महिलाओं की सुरक्षा और कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना पुलिस ने एक सिक्योरिटी इंचार्ज को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक निजी प्लांट में कार्यरत महिला सुरक्षा गार्ड ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसका वरिष्ठ अधिकारी लंबे समय से उस पर अनुचित दबाव बना रहा था। पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे विभिन्न बहानों से अपने केबिन में बुलाता था, आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था तथा विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देता था।

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी द्वारा महिला पर व्यक्तिगत संबंध बनाने के लिए दबाव डाला जाता था। हाल ही में आरोपी ने उसे अपने आवास पर कार्य के बहाने बुलाया, जहां कथित रूप से उसके साथ अभद्र व्यवहार एवं छेड़छाड़ की गई। महिला किसी तरह वहां से निकलकर अपने सहकर्मियों को घटना की जानकारी दी।

महिला की शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोपी फरार हो गया था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण तथा महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में संपन्न हुई। पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Post