कोंडागाँव, 26 नवंबर 2025| कोंडागांव जिले के सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क पर एक और बड़ी चोट करते हुए मंगलवार को दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 4.220 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर से प्राप्त विश्वसनीय सूचना पर पुलिस टीम ने पलारी बाईपास से उमरकोट जाने वाले मार्ग पर नाकेबंदी की थी। इसी दौरान लाल-काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके बैग से टेप से लिपटे पाँच पैकेट मिले, जिनमें कुल 4.220 किलोग्राम अवैध गांजा भरा हुआ था। आरोपियों की पहचान लब पाईक पिता परशुराम पाईक एवं रैयबारू बाड़े पिता जगन्नाथ बाड़े, दोनों निवासी तेलगा बाउसबेड़ा, उमरकोट, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
