कोलिहालमती सरपंच को जातिगत गाली और धमकी मिली,गैंदाटोला थाने में हुयी शिकायत

 

छुरिया। ग्राम पंचायत कोलिहालमती के सरपंच प्यारे लाल मंडावी एवं बहुत सारी गांव की महिलाओं ने गैंदाटोला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिससे गैंदाटोला क्षेत्र में दारू भट्ठी के विरोध को लेकर विवाद अब खुलकर सामने आने लगा है। सरपंच प्यारे लाल मंडावी ने शिकायत में बताया कि वह सुबह करीब 10 बजे गैंदाटोला पहुंचे थे। इसी दौरान गैंदाटोला निवासी थमलेश देवांगन ने उन्हें होटल में बुलाया और दारू भट्ठी के विरोध को लेकर सवाल जवाब शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान कहा गया कि गैंदाटोला की दारू भट्ठी का विरोध क्यों कर रहे हो और विरोध बंद नहीं करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

सरपंच का आरोप है कि महिलाओं और गांव की सुरक्षा को लेकर दारू भट्ठी का विरोध करने पर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्हें यह कहकर डराने की कोशिश की एवं जातिगत तौर पर गाली गलौच करते हुये कहा कि यदि महिलाओं के साथ समर्थन जारी रखा तो परिणाम ठीक नहीं होंगे एैसी धमकी भी दी गयी। इस पूरे मामले ने क्षेत्र में सामाजिक माहौल को भड़का दिया है। सरपंच मंडावी ने गैंदाटोला थाना पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति थमलेश देवांगन और उनके सहयोगियों की होगी। दारू भट्ठी के विरोध को लेकर क्षेत्र में पहले से ही असंतोष की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में सरपंच द्वारा दी गई शिकायत ने पूरे मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है। अब देखना होगा कि गैंदाटोला पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है।

Related Post