लैलूंगा में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का खुलासा, पुलिस ने 7 हाइवा और 2 ट्रेलर किए जप्त

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोहनपुर में अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप किए जाने के मामले का लैलूंगा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 7 हाइवा और 2 ट्रेलर सहित कुल 9 भारी वाहनों को जप्त करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली थी कि किसी प्लांट से निकली फ्लाई ऐश को बिना किसी वैधानिक अनुमति के ट्रेलर वाहनों के माध्यम से ग्राम सोहनपुर क्षेत्र में खुलेआम डंप किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां ट्रेलर और हाइवा वाहन फ्लाई ऐश अनलोड करते हुए पाए गए।

पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद वाहन चालकों से फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग से संबंधित वैध अनुमति एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन चालक कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत मौके पर ही सभी 9 वाहनों को जप्त कर लिया।

बताया जा रहा है कि जप्त किए गए वाहनों और उनमें लोड फ्लाई ऐश की कुल अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फ्लाई ऐश किस प्लांट से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

लैलूंगा पुलिस की इस कार्रवाई को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Post