चौक बाजार महराजगंज
आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति व ससुर पहुंचे सलाखों के पीछे, चौक पुलिस की त्वरित कार्रवाई
: अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चौक पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन,अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में थाना चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामला एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़ा है, जिसमें परिजनों ने पति एवं ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।
पुलिस के अनुसार, ग्राम धरमौली टोला डुमरभार निवासी मृतका मुनिका पत्नी इन्द्रजीत को उसके पति इन्द्रजीत और ससुर राजाराम द्वारा आए दिन पारिवारिक विवादों को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने जंगल में जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद मृतका की माता चन्द्रावती देवी निवासी कहटा टोला समरपवा, थाना उस्का बाजार जनपद सिद्धार्थनगर की तहरीर पर थाना चौक में मुकदमा संख्या 95/26, धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में इन्द्रजीत (40 वर्ष) तथा उसके पिता राजाराम (58 वर्ष), निवासी धरमौली टोला डुमरभार, थाना चौक, जनपद महराजगंज शामिल हैं। दोनों को शनिवार सुबह उनके गांव से गिरफ्तार किया गया। चौक पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना निष्पक्ष एवं गहनता से की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
