कोंडागांव, 13 जनवरी 2026 | कोंडागांव शहर के नवीन बस स्टैंड चिखलपुटी स्थित बायपास मार्ग पर आज मंगलवार दोपहर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना काफी गंभीर थी, हालांकि हादसा कैसे हुआ इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल स्थित शव गृह भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ-साथ मृतक की पहचान की पुष्टि करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
