Anp News Live Janjgir- Champa जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चंद घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक जगदीश प्रजापति 29 अप्रैल को अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ रिश्तेदारी में आयोजित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने खरखोद गांव आया था। देर रात करीब 11:30 बजे वह शराब के नशे में पत्नी और बच्चे से विवाद करने लगा। विवाद के बाद वह घर छोड़कर गांव में ही कहीं और जाकर सो गया।
परिजनों द्वारा अगले दिन तलाश करने पर उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 3 मई को गांव में एक घर के पीछे दीवार के पास संदिग्ध हालत में उसका शव मिला, जिसमें सड़न शुरू हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
पीएम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की पुष्टि होने पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 191/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निवेदिता पॉल (प्रभारी पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर देसाई कुम्हार (42 वर्ष) निवासी खरखोद और रामनारायण प्रजापति (44 वर्ष) निवासी ठाकुरदेवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने गला दबाकर, डंडा और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 5 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन सारथी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी तत्परता से हत्या का खुलासा संभव हो सका।
